Sunday 18 August 2013

पटाछेप

                            कब से इंतजार  कर रही थी ,कितना समय लगा दिया।स्वर के अन्तर्निहित प्रेम में रोष का आवरण था ।
              और ये आज  यहाँ से गुजरती ट्रेन पता नहीं कानो को क्यों रौंद रही थी  ,पहले तो इसकी धर-धर करती आवाज दिल को कितना रोमांचित करता  था, पर आज ये पटरियो से टकराती पथ्थरे लगता था जैसे कि  दिल पे ही चोट कर रही है। शायद तुम्हारे आने में विलम्ब से ये दिल कुछ घबरा सा गया होगा। तुमको पता है थोड़ी देर पहले कितने-काले -काले बादल घिड़ आये थे ,तुम्हारे  आते ही न जाने  कहा चले गए। कमबख्त कुछ फुहारे तो छोड़ जाता ,खामोखाह कुछ देर के लिए आशाओ को  धुंधला कर गया। आहा क्या मजा आता जब हम साथ साथ भीगते।  वर्षा की बुँदे जब-जब गुंथे हुए हाथो पे टपकती है तो उसकी उसकी धार उंगलियो से सीधे दोनों के  दिलो तक पहुचती है,जिससे रक्तो में स्नेह का मिलन हो जाता है। बोलते -बोलते चेहरा  जैसे सूर्यमुखी की तरह खिल उठा । किन्तु वह  अनमस्यक सा उसे देख रहा था


                        खैर चलो तुम आ गए पता नहीं दिल में क्या -क्या ख्याल उठ रहे थे।  सांसो की धड़कन में जैसे लगता था कि कोई विरहा  राग की आलाप हो,धड़कन की ध्वनि न होकर आलाप की आरोहन -अवरोहन ज्यादा लग रही थी,थोड़ी देर के लिए पलको  में प्रेम-आलिंगन भी हो गया ,लगा की गहरी सुरंग  के भंवर-शून्य में कुछ मेरा अपना छीनता  जा रहा है  । ऐसी बातो से घबराहट तो होती है न बोलो,देखो तब से ऐसे ही  बैठी हूँ । पलकों को सजा दे रखी है अपलक बस तुम्हारी राह को ही निहारे।   कितनी मुर्ख हूँ  मै  और ये मन भी न  जाने क्या-क्या सोचने बैठ जाता है।अब मन का क्या, उसे तो सभी बावरा ही समझते, मेरा कोई अनोखा तो है नहीं जिसमे बसता  है उसीको देखना चाहता है।  नहीं तो छिप -छिप कर यूँ ही आसमान को तो न निहारता ?लहरे क्यों बार-बार तट की ओर भागती? जानते हो हवा से सुखी पत्तीयाँ  क्यों खड़खड़ाती है, उसको लगता है की अभी तक तो चलो टूटने के बाद भी अपने पेड़ के आगोश में था  किन्तु जैसे ही हवा चलती है बिछोह के डर से उनकी आत्मा चिल्ला उठती है। देखो न पहले भी तो कई बार इंतजार कराये तुमने पर तब तो ऐसे उल जुलूल ख्याल मन में न आया कभी , किन्तु आज,स्वयं से प्रश्न … नहीं …. निगाह तो उसपे जमी थी।
                       आज उसको निर्णय का इंतजार था। प्रेम के लिए निर्णय जरुरी नहीं है किन्तु मिलन में बहुतो की निर्णय और अधिकार स्वयं सिद्ध होता है। आज  भावनाओ का निस्तारण सामाजिक रंग -पट के कलाकारों के द्वारा होना था, पट-कथा जिसकी शुरुआत इन दोनों ने की थी उसका अंतिम दृश्य को चंद लोगो  को लिखना था या शायद लिखा जा चूका था जिसे सुनाने के लिए उसे बुलाया गया था।  बेशक प्रेम का कोई रूप न हो वो निराकार हो , लेकिन अभिवयक्ति जैसे -जैसे  साकार होती जाती है मानदंडो की अलग-अलग लाक्षा गृह  की कोठरियो  से गुजरते हुए साबित करना पड़ता है की  पारिवारिक मर्यादा , सामाजिक रीति-नियम कही प्रेम की ऊष्मा-आँच से गल कर ढीले तो नहीं पर जायेंगे।                            
              अरे तुम कुछ बोलते ही नहीं। किस सोच में डूबे गए।
       उसने उंगलियों के गठबंधन से अपने उंगलियो को आजाद या किसी के  पराधीन किया। धीरे -धीरे कदम वापिस उसी ओर बढ चले जिधर से आया था।
         उसके पास अब कुछ समझने को नहीं था ,बस उसके कदमो  के निशां अपलक देख रही थी।
         पुनः बादल घिर  आये थे  और रेलगाड़ी धर-धर कर वैसे ही गुजर रही थी।
लगता है  इतना सफ़र तय करने के बाद भी प्रेम कुछ  बन्धनों का घृणित पात्र अब भी बना हुआ है। शायद वो बताना चाह रहा था की मर्यदाओ का प्रेम मिलकर उसके प्रेम को लील गया,किन्तु बोल न पाया। बगल से गुजरती रेलगाड़ी कही दूर किन्तु उसकी आवाज कानो में जैसे और तेजी से कौंधते जा रही थी। 

No comments:

Post a Comment